नीमच। आस्था केंद्र चैना कुशला माता मंदिर में रविवार को लखेरा समाज महिला मंडल के तत्वावधान में फाग उत्सव अपार उत्साह, भक्ति और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर भक्ति, रंग और उमंग से सराबोर नजर आया। फूलों की सुगंध, ढोल-मंजीरों की मधुर धुनों और “राधे-राधे” के जयकारों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। फूलों से खेली गई होली ने उत्सव को और भी आकर्षक बना दिया, जिससे ब्रज की होली का सजीव दृश्य साकार हो उठा।
भजन गायक राजेश शर्मा तथा श्री रामदूत रामायण मंडल की संगीत मंडली ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। “दीवाना राधे का”, “आज बिरज में होली रे रसिया” और “भक्ति की है बात मैया आज थाने आनो है” जैसे भजनों पर महिलाएं भक्ति में झूम उठीं।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक महाआरती की गई, जिसके पश्चात प्रसादी वितरण हुआ। उल्लेखनीय है कि लखेरा समाज महिला मंडल द्वारा आयोजित यह फाग उत्सव लगातार चौथे वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और महिलाओं की सक्रिय सहभागिता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।