झाबुआ। पश्चिम रेलवे ने बिल्ड इंडिया इंफ्रा अवॉर्ड्स 2026 में दो प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतकर गौरव प्राप्त किया है यह राष्ट्रीय स्तर का मंच है जो नवाचार प्रभाव और सतत विकास पर विशेष ध्यान देते हुए अवसंरचना विकास में उत्कृष्टता को मान्यता प्रदान करता है पुरस्कार समारोह का आयोजन 24 फरवरी, 2026 को नई दिल्ली में किया गया, समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, पॉर्ट्स, शिपिंग एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना तथा ऊर्जा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक उपस्थित थे। चयन समिति में दूरदर्शी व्यक्तित्व, उद्योग जगत के अग्रणी एवं अनुभवी पेशेवर शामिल थे, विभिन्न श्रेणियों जैसे सड़क, रेल, परिवहन आदि से कुल 146 नामांकन प्राप्त हुए थे।
रेलवे क्षेत्र के लिए यह सम्मान वी. सोमन्ना, रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री द्वारा प्रदान किया गया जिसे पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा प्राप्त किया गया, यह पुरस्कार पश्चिम रेलवे की दो महत्वपूर्ण पहलों के लिए प्रदान किए गए – गुजरात के दाहोद में भारत का पहला 9000 एचपी विद्युत इंजन निर्माण तथा मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर अत्याधुनिक डिजिटल लाउंज एवं को-वर्किंग स्पेस की स्थापना। ये उपलब्धियां उन्नत प्रौद्योगिकी और यात्री-केंद्रित अवसंरचना के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के प्रति पश्चिम रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
निर्माण उत्कृष्टता का पुरस्कार दाहोद इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में निर्मित देश के पहले 9000 हॉर्सपावर विद्युत इंजन के लिए प्रदान किया गया, यह उच्च क्षमता वाला इंजन भारतीय रेल की माल ढुलाई क्षमता और परिचालन दक्षता को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है इस इंजन का निर्माण हरित ऊर्जा के उपयोग के साथ किया गया है और इसे ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग टैग प्रदान किया गया है।
मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर विकसित डिजिटल लाउंज एवं को-वर्किंग स्पेस को यात्री सुविधाओं में नवाचार और गैर-भाड़ा राजस्व सृजन के लिए सम्मानित किया गया, लगभग 1700 वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित इस सुविधा को आधुनिक यात्रियों, विशेष रूप से व्यवसायिक पेशेवरों और दूरस्थ कार्य करने वालों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। डिजिटल लाउंज में हाई-स्पीड वाई-फाई, समर्पित बैठक एवं कॉन्फ्रेंस कक्ष तथा वर्चुअल मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध हैं, इसके साथ ही हल्के नाश्ते की सुविधा भी प्रदान की गई है यह परियोजना भारत की तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था और लचीली कार्य संस्कृति के अनुरूप स्टेशन अवसंरचना को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बिल्ड इंडिया इंफ्रा अवॉर्ड्स ऐसे परिवर्तनकारी अवसंरचना परियोजनाओं को सम्मानित करते हैं जो नवाचार और सतत विकास को बढ़ावा देते हुए सामाजिक एवं आर्थिक प्रभाव उत्पन्न करती हैं बिल्ड इंडिया इंफ्रा अवॉर्ड्स 2026 में प्राप्त ये दोहरे सम्मान पश्चिम रेलवे की तकनीकी उन्नयन, अवसंरचना आधुनिकीकरण और यात्री अनुभव में सुधार की दूरदर्शी सोच को दर्शाते हैं तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करते हैं।