मंदसौर। भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यकर्ता बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रधानमंत्री को समर्पित 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। देशव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी भी की।
भारतीय मजदूर संघ का 21वां अखिल भारतीय त्रिवार्षिक अधिवेशन 6-8 फरवरी 2026 को पुरी (उड़ीसा) में आयोजित हुआ था। अधिवेशन में देशभर के प्रतिनिधियों ने श्रमिकों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए। ज्ञापन में इन प्रस्तावों के समर्थन में श्रमिकों की प्रमुख मांगें शामिल हैं, जिनमें सभी सेक्टरों में श्रम कानूनों का समान रूप से पालन, इंडस्ट्रियल रिलेशन और ओएसएचसी कोड में संशोधन, इंडियन लेबर कॉन्फ्रेंस का तत्काल आयोजन, ईपीएस पेंशन में वृद्धि, ईपीएफ/ईएसआईसी वेतन सीमा बढ़ाना, बोनस अधिनियम में सुधार, स्कीम वर्कर व ठेका श्रमिकों को स्थायी करना, युवाओं के लिए गारंटीड रोजगार और अधिवेशन में पारित प्रस्तावों का कार्यान्वयन शामिल हैं।
मजदूर संघ ने 25 फरवरी 2026 को देशव्यापी धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया था। मंदसौर में भी यह प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें श्रमिक नेताओं ने सरकार से कहा कि मजदूरों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल की जाए। संगठन ने उम्मीद जताई कि भारत सरकार उचित कार्रवाई कर श्रमिकों को राहत प्रदान करेगी।