नीमच। होली पर्व के अवसर पर शहर में लखेरा समाज द्वारा आयोजित स्नेह मिलन और फागोत्सव कार्यक्रम उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। स्कीम नंबर-10 स्थित चैना माता–कुशला माता मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के पुरुष, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए और रंग-गुलाल के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुदेव अयोध्यादास जी महाराज द्वारा ठाकुर जी के समक्ष होली गीत प्रस्तुत कर की गई। इसके बाद समाजजनों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हुए प्रेम और एकता का संदेश दिया।
समाज के सदस्य अमृत बागड़ी ने बताया कि फागोत्सव के दौरान पारंपरिक फाग गीतों और श्रीकृष्ण भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर समाजजन झूमते नजर आए। इस अवसर पर फूलों की होली भी खेली गई, जिसमें गुलाब और अन्य फूलों की वर्षा के बीच सभी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर सुरेश बागड़ी, रतन हाटडिया, लालचन्द्र बागड़ी, गोपाल भाटी, अमृत बागड़ी, रमेशचंद्र चौहान, राधेश्याम केथुनिया, लालाभाई सहित समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।