कनघट्टी। ग्राम कनघट्टी में लगातार हो रहे अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस मुद्दे को लेकर ग्राम के सर्व समाज एवं जनप्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से 11 मार्च 2026 को पूरे गांव में व्यापार और व्यवसाय बंद रखने का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन के कारण पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है और गांव की शांति व प्राकृतिक संसाधनों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके बावजूद अब तक संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बैठक में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि अवैध खनन पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई तो सर्व समाज द्वारा जिला खनिज अधिकारी के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए इस गतिविधि को तुरंत बंद कराया जाए।
ग्रामवासियों ने कहा कि यह आंदोलन जनहित, पर्यावरण संरक्षण और गांव के अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, अन्यथा आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है।