मंदसौर। जिले के ग्राम बाबरेचा में शासकीय प्राथमिक विद्यालय की भूमि पर सामुदायिक भवन निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदन देकर निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार सर्वे क्रमांक 70/2 (एस) रकबा 2090 पर शासकीय प्राथमिक विद्यालय संचालित है तथा उसी भूमि पर विद्यालय का खेल मैदान भी बना हुआ है, जिसका उपयोग विद्यार्थी खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए करते हैं। आरोप है कि पंचायत द्वारा इसी भूमि पर अवैध रूप से सामुदायिक भवन का निर्माण शुरू कर दिया गया है और इसके लिए नींव खोदने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि यहां भवन बन गया तो बच्चों के लिए खेल का एकमात्र मैदान समाप्त हो जाएगा, क्योंकि गांव में अन्य कोई खेल मैदान नहीं है।
ग्रामीणों ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि आपत्ति करने पर सरपंच पति द्वारा निर्माण कार्य नहीं रोकने की बात कही गई।
समस्त ग्रामवासियों ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि स्कूल की भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए, ताकि विद्यार्थियों का खेल मैदान सुरक्षित रह सके।