चित्तौड़गढ़। चत्र शुक्ल प्रतिपदा, हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष में हिंदू नव वर्ष समारोह आयोजन समिति द्वारा गुरुवार 19 मार्च को भव्य शोभायात्रा और नववर्ष स्वागत आयोजन समारोह पूर्वक किए जाएंगे। सर्व समाज एवं विविध संगठनों की सर्वसम्मत राय से समारोह को भव्यता प्रदान करने के लिए वृहद स्तरीय तैयारीयां की जा रही है। समारोह में भागीदारी करने वाले विविध संगठनों,विद्यालयों और सामाजिक व धार्मिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं झांकियों सहित सभी ने आयोजन को भव्य रूप देने विचार व्यक्त किए।
यहां भारतबाग में आयोजित सर्व हिंदू समाज व समस्त सामाजिक संगठनों एवं विविध संगठन व संस्थाओं की बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघ चालक हेमंत कुमार जैन के आतिथ्य में आयोजित बैठक में आयोजन समिति संरक्षक , इतिहास संकलन समिति के प्रांतीय संरक्षक वैद्य लक्ष्मी नारायण जोशी ने बताया कि गुरुवार 19 मार्च को मुख्य समारोह के रूप में इंदिरा गांधी स्टेडियम से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में सर्व हिंदू समाज के महापुरुषों की झांकियां, उज्जैन महाकाल की सजीव झांकी, भारत माता की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेगी। जबकि सभी विद्यालयों, धार्मिक मंडल, प्रभात फेरियां व अन्य झांकियां तथा सर्व हिंदू समाज के महिला पुरुषों की बड़ी संख्या में भागीदारी रहेगी।
शोभायात्रा इंदिरा गांधी स्टेडियम से रविवार सायंकाल प्रारंभ होकर शास्त्री नगर चौराहा, कलेक्ट्रेट चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, गंभीरी पुलिया, अप्सरा चौराहा होकर सुभाष चौक पहुंचेगी। जहां सायं काल भारत माता की आरती व प्रसाद वितरण के साथ ही समापन किया जाएगा।
समारोह में भागीदारी करने वाले विविध संगठनों,विद्यालयों और सामाजिक व धार्मिक संगठनों एवं झांकियों आदि की तैयारियां जारी है। 19 मार्च को प्रातः वर्ष प्रतिपदा हिंदू नव वर्ष के स्वागत हेतु शहर के प्रमुख चौराहों पर राष्ट्रसेविका समिति , मातृशक्ति द्वारा मंगल तिलक करके नीम, मिश्री व काली मिर्च का प्रसाद वितरित कर शुभकामनाएं दी जाएगी। जबकि आलोक संस्थान एवं वेलोसिटी संस्थान द्वारा शहर के विभिन्न चौराहों पर तिलक लगाकर, नीम मिश्री का प्रसाद वितरित किया जाएगा। एम एकेडमी , आलोक संस्थान, कालिका ज्ञान केंद्र एवं वेलोसिटी संस्थान के संयोजन में झांकियों की तैयारी की जाएगी।
आयोजन के पूर्व संध्या 18 मार्च बुधवार को सायंकाल गंभीरी नदी पर महा आरती, दीपदान व सांस्कृतिक आयोजन किया जाएगा। भारत बाग़ में आयोजित सर्व हिंदू समाज, सर्व समाज एवं विविध संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालयों की बैठक में कार्यक्रम के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए एवं आयोजन में बड़ी संख्या में जन भागीदारी के साथ सफल बनाने का निर्णय लिया गया।