नीमच। गांधी वाटिका में गौड़ ब्राह्मण समाज महिला मंडल द्वारा गणगौर उत्सव पूरे पारंपरिक वैभव, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। सोलह श्रृंगार से सजी महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर आयोजन को रंग, उमंग और भक्ति से सराबोर कर दिया।
गौरतलब है कि गणगौर पर्व की पूजा 16 दिनों तक की जाती है, जिसमें इसर-गणगौर के रूप में भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना की जाती है। इस दौरान सुख-समृद्धि, अखंड सौभाग्य और परिवार के मंगल की कामना की जाती है। इस अवसर पर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गणगौर माता और इसर भगवान की आराधना की।
उत्सव के दौरान बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों के बीच महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए, दोहे बोले और झालों की गूंज के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। पूरे आयोजन में उत्सव का उल्लास और सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में शशि शर्मा, संतोष शर्मा, नीतू अवस्थी, सुनीता गोड, अंबिका शर्मा, माया शर्मा, तारा शर्मा, ज्योति शर्मा, अपेक्षा शर्मा, उषा शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर गणगौर उत्सव की खुशियां साझा कीं और परंपरा, संस्कृति व सामूहिक एकता का संदेश दिया।