नीमच। स्थानीय अग्रोहा भवन में अग्रवाल विकास समिति नीमच और भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वाधान में विशाल कृत्रिम अंग व दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर का दूसरा दिन भी लाभार्थियों से भरा रहा। कई दिव्यांग लोग दूसरों की मदद से या घसीटते हुए शिविर पहुंचे। अग्रवाल विकास समिति के अध्यक्ष गोपाल गर्ग और सचिव सुनील सिंघल ने बताया कि 14 से 16 मार्च तक चल रहे इस मेगा शिविर में अब तक 51 कृत्रिम पैर, 50 कैलीपर्स, 15 कृत्रिम हाथ लगाए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 80 ट्राइसाइकिल, 55 व्हीलचेयर, 200 श्रवण यंत्र, 35 वाकर और 75 छड़ी भी निशुल्क वितरित की गई हैं।
अग्रवाल समाज के विभिन्न सदस्यों द्वारा भी दिनभर लाभार्थियों की सेवा की जा रही है। शिविर में कुल 700 लाभार्थियों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से दूसरे दिन लगभग 360 लाभार्थियों ने लाभ उठाया।
पंजीकरण और शिविर संचालन में गोपाल अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, अशोक सिंघल, बनवारी लाल जिंदल, चंद्र प्रकाश अग्रवाल, विनोद अग्रवाल (मोरवन), गुणवंत गोयल, विनोद अग्रवाल (दडोली), इंजीनियर द्वारका बंसल, राजेश गोयल, कनावटी गोपाल सिंहल, पल्सेस सतीष गोयल, अनिल गर्ग आदि का सक्रिय सहयोग रहा।
स्थल पर रेड क्रॉस और जिला चिकित्सालय की टीम ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाकर मरीजों की आने वाली कठिनाइयों का निराकरण किया।