नीमच। रोटरी भवन में जिला युवा प्रेसक्लब द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी में स्वास्थ्य, पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों पर गंभीर मंथन हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री व जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि आने वाले 3 साल में तकनीक इतनी उन्नत होगी कि डॉक्टरों को मरीज को छूने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति ला रहा है, जिससे सटीक निदान और रिमोट मॉनिटरिंग के जरिए बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
सकलेचा ने कोरोना काल का भी जिक्र करते हुए कहा कि उस समय जूनियर डॉक्टरों के भरोसे संक्रमण से जंग लड़ी गई। उन्होंने कहा कि नीमच के विकास में मीडिया की भूमिका अहम है।
लोकतंत्र और पत्रकारिता की मजबूती पर जोर-
विधायक माधव मारू ने कहा कि प्रेस की छवि बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है और वरिष्ठ पत्रकारों से मार्गदर्शन लेना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि राजनीति और पत्रकारिता का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनना है। नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने पत्रकारों को प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने जोर दिया कि पत्रकारों के मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि समाज और कार्यकर्ताओं की सहभागिता से ही क्षेत्र का विकास संभव है।
वरिष्ठ पत्रकारों ने साझा की सीख-
वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि तथ्यों की पुष्टि के बिना खबर नहीं चलानी चाहिए। कवि व पत्रकार सुरेश सन्नाटा ने कहा कि पत्रकारिता में सच को सामने लाना ही मूल उद्देश्य है। दिनेश प्रजापति ने टीआरपी की दौड़ में प्रमाणिकता बनाए रखने की अपील की। वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण शर्मा ने कानूनी प्रावधानों पर जोर दिया और संपादक राजेश मानव ने अध्ययन व ज्ञान को पत्रकार की सबसे बड़ी पूंजी बताया।
सम्मान और आस्था का मेल-
समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इनमें धर्मेंद्र शर्मा, सुरेश सन्नाटा, दिनेश प्रजापति, संजय यादव, संजय जोशी, राजेश मानव, कृष्णा शर्मा, हरीश अहीर, मुकेश सहरिया और कमलकांत जोशी शामिल थे। अतिथियों को मप्र के प्रसिद्ध शक्तिपीठ आरोग्य देवी ‘मां भादवामाता’ की तस्वीर भेंट की गई।
पत्रकार सुरक्षा और सहयोग-
यातायात पुलिस अधिकारी सोनू बडगुर्जर ने पत्रकारों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षा की महत्ता बताई। कार्यक्रम में जिले के अन्य पत्रकारों को डायरी और पेन सहित विशेष फोल्डर प्रदान किया गया, ताकि वे अपने लेखन और महत्वपूर्ण सूचनाओं को संकलित कर सकें। कार्यक्रम में जिला युवा प्रेसक्लब के अध्यक्ष राकेश मालवीय, उपाध्यक्ष अब्दुल अली ईरानी, मनीष बागड़ी, विजित राव महाडिक, आनंद अहिरवार, प्रथम सिंह डोडिया, गोपाल मेहरा, पंकज मेनारिया सहित अंचल के कई पत्रकार उपस्थित रहे।