नीमच। जिले के ग्राम दासिया निवासी भेरूलाल मोगिया ने थाना अजाक के थाना प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने मामले की सख्त कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
भेरूलाल ने बताया कि 26 फरवरी को चने की फसल को लेकर मोहनसिंह और उसके पिता बाबूसिंह के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान भेरूलाल की बहन नीतू के साथ मारपीट की गई और जातिसूचक गालियां दी गईं। शिकायत के बावजूद एफआईआर समय पर दर्ज नहीं की गई।
परिवार का कहना है कि शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और इसी रंजिश में 15 मार्च को आरोपियों ने घर व खेत पर पहुंचकर नीतू, उनके पिता प्रेमचंद और माता के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है।
भेरूलाल मोगिया ने पुलिस अधीक्षक से थाना प्रभारी की भूमिका की जांच, आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम सहित सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।