नीमच। आगामी 19 मार्च से 27 मार्च तक शुरू हो रही चौत्र नवरात्रि के दौरान जिले में मांस, मछली और अंडे की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने नगर पालिका को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि नीमच मां भादवा का गृह जिला है, जिसे मालवा की वैष्णो देवी के रूप में भी श्रद्धा से पूजा जाता है। नवरात्रि हिंदू समाज की आस्था का प्रमुख पर्व है और इन नौ दिनों में कई नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में मांस, मछली और अंडे के विक्रय पर प्रतिबंध रहता है।
इसी परंपरा को ध्यान में रखते हुए नीमच जिले में भी नवरात्रि के दौरान पूर्ण प्रतिबंध लागू करने की मांग की गई है।
यह ज्ञापन एनिमल वेलफेयर बोर्ड सदस्य बाबूलाल नागदा, दिलीप छाजेड़, हिंदू जागरण मंच के संजय गौहर, पुरुषोत्तम शर्मा, पंकज रामावत, नितिन बैरागी, मनीष जैन मारू सहित अन्य लोगों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन की प्रतिलिपि सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं एसडीएम को भेजकर नवरात्रि के नौ दिनों में पूरे जिले में मांस-मछली और अंडे के विक्रय पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।