जीरन। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा आयोजित संत सामाजिक समरसता यात्रा का सोमवार को जीरन नगर में भव्य स्वागत किया गया। यात्रा दोपहर करीब 3 बजे बड़ा गणपति मंदिर पहुंची, जहां जय श्रीराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
यात्रा में पधारे संतों तथा विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों का नगरवासियों, व्यापारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा बड़ा गणपति मंदिर, बस स्टैंड, सरदार वल्लभ भाई पटेल चौक और प्रतापगढ़ दरवाजा होते हुए बाल्हा हनुमान मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह भगवान श्रीराम के चित्र का पूजन कर संतों का अभिनंदन किया गया।
बस स्टैंड पर आयोजित नुक्कड़ सभा में संतों ने सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया। संत लालनाथ योगी (आसन दरियानाथ सिद्ध पीठ) ने कहा कि समाज की उन्नति के लिए जातिगत भेदभाव को समाप्त करना आवश्यक है और सभी को एकजुट होकर रहना चाहिए।
भागवताचार्य संत गोविंद उपाध्याय ने गौ संरक्षण पर जोर देते हुए गौ-तस्करी और गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग की तथा समाज से संकीर्णता छोड़कर एकता का परिचय देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सामाजिक समरसता प्रमुख गोपाल सोनी, शिवप्रसाद शर्मा, देवास प्रांत सह सामाजिक समरसता प्रमुख अनुपाल सिंह झाला, विभाग मंत्री विश्व हिंदू परिषद सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी दीपक बांसखेड़िया ने दी तथा आभार भरत प्रजापत ने माना।