चित्तौड़गढ़। हिंदी नववर्ष के अवसर पर 19 मार्च 2026 को श्री गौतमेश्वर महादेव महर्षि गौतम प्राकट्य महोत्सव समिति द्वारा नीम, काली मिर्च और मिश्री का प्रसाद वितरण कर शहरवासियों को नववर्ष की बधाई दी जाएगी। इस आयोजन को लेकर दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन की रूपरेखा और बैठक-
गौतमेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित समिति की बैठक में आयोजनों को सफल बनाने हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया। 18 मार्च को गौतम जयंती के अवसर पर गोतमेश्वर महादेव मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन होगा, जिसमें हनुमान चालीसा का पाठ कर विश्व शांति की कामना की जाएगी।
नववर्ष के अवसर पर विशेष आयोजन-
19 मार्च को बिरला चिकित्सालय, मधुबन चौराहा पर समाज बंधुओं द्वारा नववर्ष की बधाई दी जाएगी। इस अवसर पर नीम, मिश्री और काली मिर्च का प्रसाद वितरण किया जाएगा। साथ ही समाजजन गौ सेवा में भी भाग लेंगे। लालजी का खेड़ा स्थित नंदिनी गौशाला में गौ माता की विशेष पूजा कर गुड व हरे चारे का भोग लगाया जाएगा। दोपहर में महर्षि गौतम की पूजा, अर्चना, अभिषेक और हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 11 से अधिक जोड़ो द्वारा हवन में आहुतियां दी जाएंगी और विश्व मंगल, शांति एवं सद्भावना की कामना की जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और फाग महोत्सव-
इस अवसर पर फाग महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें भजनों पर गौतम पुत्रियों द्वारा फाग महोत्सव मनाया जाएगा। शाम को महा प्रसादी का आयोजन होगा। आयोजन में समाजजन पारंपरिक परिधानों में भाग लेंगे और उत्सव का आनंद लेंगे। तैयारियां अंतिम रूप पर: समिति ने आयोजन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है, ताकि हिंदी नववर्ष उत्सव भव्य और सफल रूप से मनाया जा सके।