नीमच। जिले में रंग तेरस का उत्सव अपने चरम पर नजर आया। उपनगर नीमच सिटी के नया बाजार और जूना बाजार क्षेत्र रंगों की बौछार और उमंग से पूरी तरह सराबोर हो उठे। गुजराती समाज ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार रंगोत्सव धूमधाम से मनाया।
सुबह से ही गलियों और चौकों में रंगों की फुहारें उड़ने लगीं। महिला, पुरुष, युवा, बुजुर्ग और बच्चे सभी ने उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लिया। युवाओं और बच्चों की टोलियां हाथों में पिचकारी और बाल्टियां लिए एक-दूसरे को सतरंगी रंगों से भिगोते नजर आईं, जिससे पूरा माहौल रंगीन और जीवंत हो उठा।
होली के पारंपरिक गीतों की धुन पर महिलाओं और पुरुषों ने जमकर नृत्य किया। हर चेहरा खुशी से खिला नजर आया, और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंग तेरस की शुभकामनाएं देने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।
गौरतलब है कि गुजराती समाज द्वारा रंग तेरस पर रंगोत्सव मनाने की यह परंपरा वर्षों पुरानी है, जिसे समाज के लोग पीढ़ी दर पीढ़ी हर्षाेल्लास और एकता के साथ निभाते आ रहे हैं। इस आयोजन ने एक बार फिर सामाजिक सौहार्द, परंपरा और संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश की।