रतलाम। 11 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार दोपहर कलेक्ट्रेट का घेराव करने जा रहे करणी सेना परिवार के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शहर के बाहर ही रोक दिया है, जिसके चलते सभी एंट्री पॉइंट और महू-नीमच फोरलेन पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बता दें कि करणी सेना परिवार प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाना है। प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे लोगों को पुलिस द्वारा डोसी गांव स्थित महू-नीमच फोरलेन पर बैरिकेड्स लगाकर शहर के बाहर ही रोका जा रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी अमित कुमार और एएसपी विवेक कुमार लगातार क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं।
डंपर जब्ती के विरोध में शुरू हुआ था विवाद
सात दिन पहले जावरा ब्लॉक में झालवा-कलालिया रोड निर्माण में लगे दो डंपरों को खनिज विभाग ने अवैध परिवहन के आरोप में जब्त किया था। ये दोनों डंपर ठेकेदार आयुष शर्मा के हैं, जिन्हें जीवनसिंह शेरपुर का समर्थक बताया जाता है।
जब्ती के विरोध में शेरपुर ने समर्थकों के साथ रिंगनोद थाने में गादी-बिस्तर लगाकर रात भर धरना दिया था। शेरपुर का आरोप था कि खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन के नाम पर खाली डंपरों को पकड़कर कार्रवाई की है, जिसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट घेराव की घोषणा की थी।