मंदसौर। आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण के उद्देश्य से जिला पुलिस कंट्रोल रूम मंदसौर में मंगलवार को जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के नेतृत्व में आयोजित इस जनसुनवाई में कुल 28 आवेदकों की शिकायतें सुनी गईं और उनका मौके पर ही निराकरण किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर, एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति सहित कोतवाली, यशोधर्मन नगर एवं नई आबादी थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संबंधित मामलों में तत्काल एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र और न्यायसंगत समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस पहल से आमजन को त्वरित न्याय मिलने में सहूलियत हो रही है।