नीमच। जिले की रामपुरा तहसील के ग्राम हतुनिया स्थित श्री राम-लक्ष्मण दरबार मंदिर में आगामी 27 मार्च 2026 को ‘बाण दर्शन’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस बार यह आयोजन राम नवमी और शुक्रवार के विशेष संयोग पर हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मंदिर से जुड़ी मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान लक्ष्मण जी की दिव्य उपस्थिति मानी जाती है और बाण चढ़ाने की अद्भुत घटना घटित होती है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस आयोजन के दौरान अलौकिक चमत्कार देखने को मिलता है, जो आस्था को और मजबूत करता है।
बताया जाता है कि वर्ष 2006 में आयोजित ‘बाण दर्शन’ के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा था कि जमीन पर रखी रस्सियां अपने आप खड़े किए गए बाण पर चढ़ गईं। इस घटना ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया था और तभी से यह आयोजन क्षेत्र में विशेष आस्था का केंद्र बन गया है।
मंदिर समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से आयोजन में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। आयोजन के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और दूर-दराज से भी भक्तों के आने की संभावना है।