उज्जैन। उज्जैन-नागदा मार्ग पर उन्हेल टोल नाके से करीब 5 किलोमीटर पहले मंगलवार सुबह लगभग 10.30 बजे एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार की आगे की सीट पर बैठे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्लोबल अस्पताल और अवंति अस्पताल, उज्जैन में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी युवक सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई। घायलों में प्रवेश मारोठिया, जिनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है, तथा देवेंद्र, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं, का उपचार चल रहा है।

राहगीर ने की मदद, दिया सीपीआर-
घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में वाहन खड़े हो गए थे, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे नंदकुमार मिश्रा, जो ग्रेसिम कंपनी में इंजीनियर हैं, ने घायलों को सहायता पहुंचाई। उन्होंने बताया कि उन्होंने एक युवक को सीपीआर देने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। नंदकुमार मिश्रा ने बताया कि दो युवकों के शव एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाए गए, जबकि घायल देवेंद्र को उन्होंने अपनी गाड़ी से ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
