चित्तौड़गढ़। हिंदू नव वर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के पावन अवसर पर 19 मार्च को शहर में भव्य शोभायात्रा और नववर्ष स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा। हिंदू नव वर्ष समारोह आयोजन समिति के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
पूर्व संध्या पर रंगारंग आयोजन
18 मार्च की शाम गंभीरी नदी तट पर आकर्षक रंगोली सजाई जाएगी। साथ ही घूमर, गरबा सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान भव्य आतिशबाजी और दीपदान कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
शहर में होगा नववर्ष का स्वागत
19 मार्च की सुबह शहर के प्रमुख चौराहों पर राष्ट्रसेविका समिति एवं मातृशक्ति द्वारा मंगल तिलक कर नीम, मिश्री और काली मिर्च का प्रसाद वितरित किया जाएगा। विभिन्न विद्यालय और संस्थाएं भी इस आयोजन में भाग लेते हुए तिलक एवं प्रसाद वितरण करेंगी।
इंदिरा गांधी स्टेडियम से निकलेगी शोभायात्रा
मुख्य आयोजन के तहत 19 मार्च को शाम 4:30 बजे इंदिरा गांधी स्टेडियम से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की भव्य झांकी
भारत माता की झांकी
संत-महापुरुषों की झांकियां
अखाड़ों के प्रदर्शन
मुख्य आकर्षण रहेंगे।
इसमें विभिन्न विद्यालयों, धार्मिक संगठनों, प्रभात फेरियों और सर्व हिंदू समाज के महिला-पुरुषों की बड़ी भागीदारी रहेगी।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी यात्रा
शोभायात्रा इंदिरा गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर शास्त्री नगर चौराहा, कलेक्ट्रेट चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, गंभीरी पुलिया, अप्सरा चौराहा होते हुए सुभाष चौक पहुंचेगी।
भारत माता की आरती के साथ समापन
सुभाष चौक पर भारत माता की आरती, संतों के आशीर्वचन और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन समिति के अनुसार, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से इस बार का नववर्ष उत्सव भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है।