इंदौर। शहर के बंगाली चौराहे के पास स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रबर कारोबारी मनोज पुगलिया, उनकी बहू सिमरन सहित 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार घटना तड़के करीब 3.30 से 4 बजे के बीच हुई। घर के बाहर चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जो तेजी से पूरे मकान में फैल गई। आग की लपटों ने घर के अंदर रखे गैस सिलेंडरों को भी चपेट में ले लिया, जिससे एक के बाद एक धमाके होने लगे। धमाके इतने तेज थे कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

बताया जा रहा है कि मृतकों में 6 लोग कारोबारी के रिश्तेदार थे, जो मंगलवार को ही बिहार के किशनगंज से कैंसर के इलाज के लिए इंदौर आए थे। पुलिस के अनुसार आग लगने के दौरान बिजली सप्लाई बंद हो गई, जिससे घर में लगे डिजिटल लॉक खुल नहीं सके और अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
