मंदसौर। जिले के रेवास देवड़ा गांव में मंगलवार रात एक महिला द्वारा गलती से फिनाइल पी लेने का मामला सामने आया है। 35 वर्षीय रेखा पत्नी सुरेश बावरी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार रेखा मंगलवार रात बकरियां चरा कर घर लौटी थी। थकान के चलते वह घर के अंदर बैठ गई। इसी दौरान पास में रखी एक बोतल को पानी समझकर उसने फिनाइल पी लिया। घर में फिनाइल बकरियों के आसपास छिड़काव के लिए रखा गया था, ताकि किसी प्रकार का संक्रमण न फैले और जानवर सुरक्षित रहें।

उल्टियां शुरू होने पर खुला मामला
रेखा के पति सुरेश बावरी ने बताया कि वे उस समय बकरी का दूध निकाल रहे थे। तभी उन्हें रेखा की तबीयत बिगड़ने और उल्टियां होने की जानकारी मिली। जांच करने पर पता चला कि रेखा ने गलती से फिनाइल पी लिया। पूछने पर रेखा ने बताया कि उसने उसे पानी समझकर पी लिया।

समय पर अस्पताल पहुंचाने से बची जान
घटना के बाद परिजन तुरंत रेखा को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया गया। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर अस्पताल पहुंचाने के कारण महिला की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
