चित्तौड़गढ़। बोजुन्दा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में श्री कालभैरव (श्री काला जी बावजी) देवस्थल पर चैत्र नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ 19 मार्च से होगा। नवरात्रि के अवसर पर 27 मार्च तक प्रतिदिन सुबह-शाम महाआरती, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
भोपाजी बाबूलाल जटिया सतखंडा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह देवस्थल अत्यंत प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
देवस्थल परिसर में श्री कालभैरव, शेष अवतार, मां कालीका, जगदंबा और शिव परिवार के मंदिर स्थापित हैं। यहां प्रत्येक शनिवार को बावजी की गादी भी लगती है, जिसमें श्रद्धालु विशेष रूप से शामिल होते हैं।
मान्यता है कि इस प्राचीन देवस्थल पर दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा दैहिक, दैविक और भौतिक कष्टों से मुक्ति मिलती है। नवरात्रि महोत्सव को लेकर मंदिर समिति द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।