नीमच। दाऊदी बोहरा समाज ने गुरुवार को ईद-उल-फितर का पावन त्योहार अकीदत, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया। इस अवसर पर बोहरा कॉलोनी, अमाकीने मोहम्मदिया 36-ए तथा बोहरा बाजार स्थित मस्जिद में सुबह से ही विशेष रौनक दिखाई दी। समाजजनों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर ईद की नमाज अदा की और देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।

बोहरा कॉलोनी में शेख हुजैफा भाई तथा हुसामी मस्जिद में मुल्ला ताहिर भाई ने नमाज अदा कराई और खुत्बा पढ़ा। समाज के वरिष्ठजनों ने अपने संदेश में इंसानियत, भाईचारे और आपसी सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

नमाज के बाद समाजजनों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर घर-घर शीर-खुरमा और अन्य मिठाइयां बांटी गईं। बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला, जिन्हें ईदी और इनाम भी दिए गए।

समाज के सेवा कार्यों में योगदान देने वाले वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, अनिल चौरसिया एवं मुकेश कालरा ने आमिल साहब का स्वागत कर ईद की शुभकामनाएं दीं।

ईद-उल-फितर के अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर खुशियां बांटी और समाज में भाईचारे व एकता का संदेश दिया।
