नीमच। भारत विकास परिषद (पश्चिम प्रांत) ने गुरुवार को हिंदू नववर्ष ‘गुड़ी पड़वा’ उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। शहर के प्रमुख विजय टॉकीज चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों ने राहगीरों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद परिषद के महिला और पुरुष सदस्यों ने चौराहे से गुजरने वाले राहगीरों, ऑटो चालकों, बाइक और कार चालकों को रोककर कुमकुम का तिलक लगाया।
सदस्यों ने नववर्ष की मिठास और स्वास्थ्य के लिए सभी को मिश्री, नीम और काली मिर्च खिलाकर शुभकामनाएं दीं और सभी के निरोगी तथा सुखद जीवन की मंगलकामना की।
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए परिषद ने पर्यावरण और जीव संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर राहगीरों को मिट्टी के सकोरे वितरित किए गए और आमजन से अपील की गई कि वे अपने घरों की छतों और बालकनी में पक्षियों के लिए दाना-पानी रखें।
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता ने बताया कि गुड़ी पड़वा हिंदू धर्म का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। इसी दिन से नव संवत्सर और हिंदू कैलेंडर प्रारंभ होता है, जिसके आधार पर सालभर के सभी तीज-त्योहार, व्रत और उपवास तय किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य अपनी संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सदस्य उपस्थित रहे।