देवास। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व की शुरुआत के साथ ही माता टेकरी पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और “जय माता दी” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिरों में घट स्थापना और विशेष पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि दर्शन में किसी को परेशानी न हो। चैत्र नवरात्रि के साथ ही हिंदू नववर्ष के आगमन से शहर में धार्मिक उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है।