नीमच। श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में 19 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक भव्य धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। आयोजन के तहत श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत 19 मार्च को प्रातः 11.15 बजे घट स्थापना के साथ होगी। इसी दिन शाम 7.30 बजे संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया जाएगा। 20 मार्च से 22 मार्च तक प्रतिदिन शाम 7.30 बजे रामकथा का आयोजन होगा, जिसमें कथा वाचकों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
23 मार्च से 1 अप्रैल तक प्रतिदिन श्री रामलीला का मंचन किया जाएगा, जिसमें कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन का मंचन प्रस्तुत किया जाएगा। 26 मार्च को संगीतमय सुंदरकांड एवं महाआरती होगी, जबकि 31 मार्च को श्रीराम मंदिर पर ध्वजा (पताका) चढ़ाई जाएगी।
कार्यक्रम का समापन 2 अप्रैल को प्रातः 9.00 बजे हवन एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके बाद सुबह 10.00 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।