नीमच। समाजसेवा, इंसानियत और हमदर्दी की मिसाल पेश करते हुए शेख सैय्यद पठान कमेटी, नीमच द्वारा जनाज़े के अंतिम सफर के लिए चार पहिया जनाज़ा गाड़ी सेवा की शुरुआत की गई है। इस पहल से शहर सहित दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले मुस्लिम समाज के लोगों को किसी के इंतकाल के बाद मैयत को कब्रिस्तान तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
कमेटी के अध्यक्ष सलीम पठान ने बताया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार इंतकाल के बाद मैयत को कब्रिस्तान तक ले जाने में परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से अस्पताल से मैयत लाने या दूर गांवों तक ले जाने में परेशानी होती है। ऐसे समय में यह जनाज़ा गाड़ी जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
उन्होंने बताया कि यह सेवा पूरे जिले के मुस्लिम समाज के लिए उपलब्ध रहेगी, ताकि दुख की घड़ी में लोगों को तत्काल सहायता मिल सके। यह सुविधा अंतिम यात्रा को सम्मानजनक और सुगम बनाने की दिशा में सराहनीय पहल मानी जा रही है।
जनाज़ा गाड़ी की सेवा प्राप्त करने के लिए जीएन ट्रैवल्स के हयात खान (चाचा) एवं सैयद हसन अली से संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर सलीम पठान, अशफाक खान, हयात खान, साहिल खान, जायेद कादरी सहित समाज के कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समिति की इस पहल को समाज में इंसानियत और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला कदम बताया जा रहा है। यह सेवा जरूरतमंद परिवारों के लिए कठिन समय में सहारा बनेगी।