नीमच। पवित्र माह रमजान के 30 रोज़े पूरे होने के बाद देशभर की तरह आज नीमच में भी ईद का त्योहार बड़े हर्षाेल्लास, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया।

इस पावन अवसर पर शहर की नीमच ईदगाह और मस्जिदों में मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर ईद की नमाज अदा की। नीमच ईदगाह पर शहर काजी सद्दाम हुसैन अत्तारी द्वारा ईद की नमाज पढ़ाई गई। सुबह से ही ईदगाह परिसर में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर तरफ खुशियों का माहौल और भाईचारे की झलक देखने को मिली।

शहर काजी सद्दाम हुसैन अत्तारी ने सबसे पहले खुत्बा पेश किया, जिसके बाद उन्होंने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद शहरवासियों ने मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआ मांगी। नमाज के पश्चात उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह का पूरा माहौल आपसी प्रेम, सौहार्द और खुशियों से सराबोर नजर आया।

वहीं शहर के घरों में भी ईद की रौनक देखने को मिली। घरों में सिवइयां और विभिन्न मीठे व लजीज पकवान बनाए गए। लोग एक-दूसरे के घर जाकर सिवइयां खिलाकर और मुबारकबाद देकर त्योहार की खुशियां साझा कर रहे थे। ईद के मौके पर छोटे-बड़े सभी में खास उत्साह देखा गया। बड़ों ने छोटों को ईदी देकर दुआएं दी और घर-घर जाकर मुबारकबाद देने का सिलसिला जारी रहा।
