नीमच। सियार के हमले के बाद फैले रेबीज संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों ने वन विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार मोरवन रामदेव नगर निवासी 45 वर्षीय राजू पिता जयसिंह बंजारा फेरी लगाकर जीवन यापन करता था और वर्तमान में राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के कुशालपुरा गांव में रह रहा था। बताया जा रहा है कि 21 फरवरी की रात उसके घर के बाहर एक सियार ने गाय पर हमला कर दिया। गाय की आवाज सुनकर राजू बाहर आया और उसे बचाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान सियार ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद उसके शरीर में रेबीज का संक्रमण फैल गया और तबीयत लगातार बिगड़ती गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल नीमच लेकर आए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली जानवरों का आतंक बना हुआ है, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
