नीमच। जनपद क्षेत्र के बिसलवास खुर्द में डोम निर्माण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार-रविवार की रात गेहूं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गई, जिससे ट्रैक्टर पलट गया। गनीमत रही कि चालक प्रेम शंकर नागदा बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार प्रेम शंकर नागदा अपने खेत से गेहूं लेकर घर लौट रहे थे। भेसा श्री माताजी मंदिर के पास रात के अंधेरे में डोम निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा उनके ट्रैक्टर के लिए जाल बन गया। ट्रॉली पलटने से बची और गेहूं भी बिखरे बिना सुरक्षित रहा।
निर्माण पिछले नौ महीनों से अटका
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि डोम निर्माण कार्य पिछले नौ महीने से अटका हुआ है। 21 दिसंबर को ग्रामीणों ने मंदिर पर एकत्र होकर विरोध जताया था और भाजपा प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल होने की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद जैसे-तैसे काम शुरू हुआ और डोम के लिए गड्ढे खोदे गए।
भूमि पूजन न होने से रुका निर्माण
ग्रामीणों का कहना है कि विधायक निधि से स्वीकृत इस डोम का भूमि पूजन विधायक दिलीप सिंह परिहार कई बार करने का आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन वह अभी तक उपस्थित नहीं हुए। यही कारण है कि निर्माण कार्य रुका हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, 15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले डोम के लिए लगभग 13.5 लाख रुपए पंचायत के खाते में आ चुके हैं, लेकिन कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया। निर्माण की लंबित प्रक्रिया और हालिया हादसे ने ग्रामीणों के आक्रोश को और बढ़ा दिया है।
अब यह देखना होगा कि डोम निर्माण कार्य कितने दिन बाद सुचारू रूप से शुरू हो पाता है।