चित्तौड़गढ़। प्रताप युवा मंडल चंदेरिया द्वारा नगर के एलके गार्डन में 19 से 21 मार्च तक आयोजित तीन दिवसीय गणगौर महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान प्रत्येक दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
पहले दिन, 19 मार्च को राजपूती पोशाक वेशभूषा प्रतियोगिता एवं फ्री स्टाइल डांस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दूसरे दिन, 20 मार्च को गरबा और घूमर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अंतिम दिन, 21 मार्च को मिस गणगौर एवं मिसेज गणगौर प्रतियोगिता, रैंप वॉक और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम के समापन पर रैंप वॉक के माध्यम से मिस गणगौर का खिताब खुश्बू भाट और मिसेज गणगौर का खिताब सुनीता शर्मा को प्रदान किया गया। महोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और समारोह दर्शकों के लिए यादगार बन गया।