चित्तौड़गढ़। सेन महाराज जयंती महोत्सव की तैयारियों को लेकर समस्त सेन समाज चित्तौड़गढ़ की बैठक शनिवार को खरड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में सेन समाज जिलाध्यक्ष बालूराम सेन मुख्य अतिथि एवं नाई महासभा के राष्ट्रीय महासचिव महावीर प्रसाद सेन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता दिलीप घटियावली ने की तथा संचालन गोपाल नीलमणी ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से 14 अप्रैल को सेन महाराज की जयंती मनाने का निर्णय लिया गया तथा जयंती महोत्सव समिति का गठन किया गया। समिति के अध्यक्ष पद पर गोवर्धनलाल सेन ऐराल को नियुक्त किया गया।
समिति में संरक्षक, महासचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य पदों पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों को मनोनीत किया गया। साथ ही जयंती के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया।
क्रय समिति का दायित्व दिलीप सेन घटियावली को, हवन-पूजन व्यवस्था श्रीधर सेन को, प्रचार-प्रसार समिति की जिम्मेदारी विष्णु सेन रूद को, रक्तदान समिति का दायित्व पंकज सेन रूद को, भोजन व्यवस्था गोपाल रूणवाल को तथा शोभायात्रा की जिम्मेदारी नंदकिशोर सनी सांवता को सौंपी गई।
बैठक में समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे तथा सभी ने जयंती महोत्सव को भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया।