गरोठ। गरोठ सिविल अस्पताल में रोगी कल्याण समिति के खाते से जुड़े लगभग 26 लाख रुपये की गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में बीएमओ द्वारा लोकायुक्त में शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में अस्पताल के लेखापाल से बार-बार हिसाब मांगे जाने के बावजूद लेखा विवरण प्रस्तुत नहीं किए जाने से मामला और गंभीर हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोगी कल्याण समिति, सिविल अस्पताल गरोठ के लेखा-जोखा को लेकर अनियमितता की शिकायत की गई है। बताया जा रहा है कि लेखापाल सुदीप्त चक्रवर्ती से लगभग ढाई माह पूर्व से खाते का पूरा विवरण मांगा जा रहा है, लेकिन अब तक उन्होंने लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया है।
बीएमओ कार्यालय द्वारा इस संबंध में कई बार लिखित पत्र जारी कर रोगी कल्याण समिति का हिसाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, फिर भी लेखापाल द्वारा न तो पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध कराया गया और न ही संतोषजनक जवाब दिया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब उनसे हिसाब मांगा गया तो उन्होंने आत्महत्या करने की धमकी दी, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद बीएमओ द्वारा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की गई है।
सूत्रों के अनुसार मामले में लगभग 26 लाख रुपये के लेन-देन की जांच की जा रही है और रिकॉर्ड की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।