प्रतापगढ़। जिला चिकित्सालय में नर्सिंग स्टाफ के विरोध प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गईं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अस्पताल में स्टाफ की कमी के कारण कई वार्डों में समय पर उपचार नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार पीएमओ डॉ. आलोक यादव ने ड्यूटी के दौरान बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन करने पर नर्सिंग कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। इधर नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों के अनुसार हर माह 15 तारीख के बाद वेतन मिलने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो जाता है।
इसी समस्या को लेकर नर्सिंग कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन इसका असर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर दिखाई दिया। सर्जिकल वार्ड सहित अन्य वार्डों में स्टाफ की कमी के चलते मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कई मरीजों को समय पर ड्रिप तक नहीं लग सकी।
नोटिस जारी होने से नाराज नर्सिंग कर्मचारियों ने सीएमएचओ कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा तथा समस्या के जल्द समाधान की मांग की।