सिंगोली। हज़रत रमजान अली सरकार दरगाह शरीफ पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला तीन दिवसीय उर्स इस वर्ष भी अकीदत और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। उर्स के दूसरे दिन शानदार सूफियाना कव्वाली का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए जायरीनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कव्वाली कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ के समीर असलम साबरी एवं कपासन (राजस्थान) के मशहूर कव्वाल शब्बीर सदाकत साबरी एवं पार्टी ने एक से बढ़कर एक कलाम पेश किए। उन्होंने “पढ़ो तुम सल्ले अल्लाह”, “ओ पालनहारे, उस्मान के प्यारे” तथा कौमी एकता पर आधारित कई सूफियाना कलाम प्रस्तुत कर माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। कौमी एकता पर पेश किए गए कलाम “लाल हरे रंग में इसको तुम मत बांटो, छत के ऊपर सिर्फ तिरंगा रहने दो” को उपस्थित जायरीनों ने खूब सराहा।
कव्वाली आयोजन से पूर्व उर्स कमेटी द्वारा विशेष अतिथियों का गुलपोशी एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्तूलाल धाकड़, नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश नागौरी, पार्षद राजेश भंडारी, धीरज जैन, अंजुमन कमेटी सदर रईस खान सहित कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
उर्स के तीसरे दिन गुरुवार को दोपहर 1 बजे कुल की फातेहा के बाद तबर्रुक तकसीम किया गया और इसी के साथ उर्स का समापन हुआ। तीन दिवसीय उर्स के दौरान मिले सहयोग के लिए कमेटी सदर अशरफ खान मेव ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।