चित्तौड़गढ़। श्री कुमावत विकास एवं सेवा संस्थान, चित्तौड़गढ़ की नवमनोनीत कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह जिला मुख्यालय स्थित श्री चारभुजा कुमावत समाज छात्रावास, गांधीनगर में आयोजित किया गया।
मीडिया प्रभारी मनोहर लाड़ना ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि मेवाड़ कुमावत समाज अध्यक्ष शंकरलाल मेरावंडिया थे, जबकि विशिष्ट अतिथि चंडीगढ़ (पंजाब) पुलिस अधीक्षक विनोद कुमावत (कुंडलवाल), राष्ट्रीय युवा भा.कु.स.म. के पूर्व अध्यक्ष गिरिराज खरनारिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान चारभुजा नाथ के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर अतिथियों एवं पदाधिकारियों का मेवाड़ी पाग एवं उपरना पहनाकर स्वागत किया गया।
शिक्षा और समाज उत्थान पर जोर-
मुख्य अतिथि शंकरलाल मेरावंडिया ने चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए समाज के विकास कार्यों की सराहना की। वहीं विशिष्ट अतिथि विनोद कुमावत ने शिक्षा को व्यक्तित्व निर्माण का आधार बताते हुए युवाओं एवं बालिकाओं को आगे बढ़ाने पर बल दिया।
नव कार्यकारिणी का गठन-
संस्थान के अध्यक्ष जगदीश राजोरा ने छात्रावास को सर्वसुविधायुक्त बनाने का आश्वासन दिया। नवमनोनीत सचिव शंकरलाल ओस्तवाल ने बताया कि कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया है। नव कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिवनारायण दौराया, उपाध्यक्षगण, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई।
कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन, महिला मंच के सदस्य एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेशचन्द्र सिन्धु ने किया तथा आभार पूर्व अध्यक्ष बालचंद गेंदर ने व्यक्त किया।