खनियांधाना। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक महोत्सव नगर में अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भव्य चल समारोह के दौरान पूरा नगर श्त्रिशला नंदन वीर की, जय बोलो महावीर कीश् के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। शोभायात्रा की शुरुआत श्री पारसनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर से हुई, जिसमें श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन छोटे मंदिर और देवखो मंदिर के विमान भी शामिल हुए।
इस अवसर पर नगर के स्वर के सरताज सचिन जैन मोदी, आशीष जैन पुजारी, अभिषेक जैन साव और अंकित सरल डीजे पर ढोलक पार्टी के साथ भगवान महावीर के मनमोहक भजन गाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान की विशेष व्यवस्था की गई और नगर को आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया।
यह विशाल चल समारोह श्री पंचमेरु नंदीश्वर दिगंबर जिन मंदिर चौतनबाग पहुँचा, जहाँ तीनों मंदिरों के विमानों पर विराजमान भगवान का विधि-विधान से अभिषेक और पूजन संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद सकल जैन समाज का सामूहिक वात्सल्य भोज आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रखे, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।