भोपाल। श्वेतांबर जैन समाज ने मंगलवार को भगवान महावीर जन्म कल्याणक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया। भोपाल के विभिन्न जैन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।
तुलसी नगर स्थित श्री आदिनाथ जिनालय से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें चांदी की आकर्षक पालकी में भगवान महावीर की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भक्तों ने पालकी को कंधों पर उठाकर ‘त्रिशला नंदन वीर की जय’ और ‘अहिंसा से होगा विश्व का कल्याण’ जैसे जयकारों के साथ पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। बच्चों ने धर्म ध्वज थामकर शांति, अहिंसा और बंधुत्व का संदेश दिया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष आरके पारेख और पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र कोठारी ने बताया कि शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर पहुंची, जहां धर्म ध्वज फहराया गया और सत्य, अहिंसा व करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। उनके संदेशों को जीवन में अपनाकर ही समाज में शांति, प्रेम और सद्भाव कायम रखा जा सकता है।
वहीं सिटी मंदिर में भगवान महावीर का विशेष श्रृंगार कर 24 तीर्थंकर पूजा और महावीर विधान संपन्न हुआ। ट्रस्ट अध्यक्ष राजेश तातेड़ के अनुसार शाम को महावीर गिरी, एयरपोर्ट रोड पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। पूरे परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।