सैलाना। रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार एसडीएम सैलाना तरुण जैन ने एलपीजी गैस वितरकों की बैठक लेकर घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में एसडीएम ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर निर्धारित दर एवं तय समय पर हॉकरों के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं द्वारा की गई रिफिल बुकिंग की डिलीवरी ‘फर्स्ट इन फर्स्ट आउट’ (एफआईएफओ) आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही एजेंसी संचालकों को प्रतिदिन उपलब्ध स्टॉक, बैकलॉग और बुकिंग की जानकारी संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
बैठक में हॉकरों को भी निर्देशित करने के लिए कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में उपभोक्ताओं को बुकिंग के अनुसार ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं और ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के सिद्धांत का पालन करें।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं को समय पर और व्यवस्थित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी एजेंसियों से समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।