नीमच। पालक संघ जिला इकाई नीमच के बैनर तले आज 1 अप्रैल 2026 को दोपहर 12ः30 बजे कलेक्टर को 9 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी कपिल शुक्ला ने प्रेस नोट के माध्यम से दी।
जिलाध्यक्ष जगदीश शर्मा और महिला विंग जिलाध्यक्ष प्रियंका कविश्वर के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा जाएगा। पालक संघ ने अपनी मांगों में सीएम राइज (सांदीपनि स्कूल) भवन निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने, छात्रों के लिए रियायती दरों पर पुस्तकें और गणवेश एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने हेतु मेला आयोजित करने, तथा स्कूल बैग पॉलिसी 2020 का पालन सुनिश्चित कराने जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल किए हैं।
इसके अलावा निजी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य करने और महंगी निजी प्रकाशकों की पुस्तकों का बोझ बच्चों पर न डालने की मांग भी की गई है। पालक संघ का आरोप है कि इन मुद्दों पर शासन की ओर से लापरवाही बरती जा रही है।
जिला सचिव श्रवण शर्मा और महिला विंग सचिव उषा मित्तल ने जिले की सभी तहसीलों के पदाधिकारियों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्धजनों से ज्ञापन के दौरान अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है।