बीना। कृषि उपज मंडी में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले व्यापारी को प्रशासन ने करारा जवाब दिया है। रातोंरात अवैध रूप से टीन शेड लगाकर गोदाम बनाया गया, लेकिन मंडी प्रशासन ने मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे निर्माण को ध्वस्त कर दिया और सामग्री जब्त कर ली।
दरअसल, कृषि उपज मंडी प्रांगण में एक व्यापारी ने बिना किसी अनुमति के रातों-रात टीन सेट लगाकर गोदाम का अवैध निर्माण कर लिया था। जब मंडी प्रशासन को इसकी सूचना मिली, तो तुरंत मौके पर पहुंचकर निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए। लेकिन व्यापारी ने निर्देशों की अनदेखी कर निर्माण पूरा कर लिया।
मंडी सचिव कमलेश सोनकर ने इसकी तुरंत सूचना एसडीएम रविश श्रीवास्तव को दी। इसके बाद मंडी सचिव कमलेश सोनकर, मंडी निरीक्षक राजेंद्र कुमार मौर्य, बड़ी संख्या में मंडी कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने सख्ती से कार्रवाई की। अवैध निर्माण को पूरी तरह हटा दिया गया और निर्माण में इस्तेमाल सारी सामग्री को जब्त कर लिया गया।
मंडी सचिव कमलेश सोनकर का कहना है कि बिना अनुमति के रातों-रात निर्माण कर लिया गया था। जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। निर्माण सामग्री जब्त कर ली गई है और संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमों के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।