देवरी खवासा। क्षेत्र में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। कथा के दौरान गोकुल लीला के प्रसंग के साथ भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मनोहारी वर्णन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कथावाचक पंडित मुकेश व्यास (नागर पिपलिया) के मुखारविंद से माखन चोरी, गोपियों संग क्रीड़ा सहित श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं का सजीव चित्रण किया गया। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
कथा में विशेष रूप से महिलाओं एवं वरिष्ठजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जो श्रद्धा भाव से कथा का रसपान कर रहे हैं। आयोजन समस्त गुर्जर परिवार के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं।
कथा स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण निरंतर बना हुआ है।