उज्जैन। जिले के तराना जनपद अंतर्गत कायथा उपार्जन समिति केंद्र पर कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बुधवार दोपहर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रबी उपार्जन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कृषकों के लिए छांव, ठंडे पेयजल, ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए ओआरएस, तौल में पारदर्शिता तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने वेयरहाउस को उपार्जन शुरू होने से पहले पूरी तरह खाली रखने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर एसडीएम ब्रजेश सक्सेना ने जानकारी दी कि केंद्र पर पांच कांटे लगाए जाएंगे, बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों के लिए छांव, पेयजल व ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
कलेक्टर सिंह ने केंद्र के समीप चल रहे नरवाई प्रबंधन कार्य का भी अवलोकन किया और संबंधित कृषक की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।