नीमच। सिटी स्थित महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 1 अप्रैल 2026 को शासन के निर्देशानुसार प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर, माला पहनाकर एवं मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि संतोष पंजाबी, सीताराम जाजू महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विजय बाफना एवं दशपुर एक्सप्रेस दैनिक समाचार पत्र के भरत सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों एवं पालकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पिछली कक्षा से उत्तीर्ण होकर अगली कक्षा में प्रवेश लेने वाली छात्राओं के साथ ही सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का भी सम्मान किया गया। साथ ही उनके पालकों को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइकिल वितरण भी किया गया। अतिथियों का स्वागत प्राचार्य श्री बी.के. बनौधा द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन वरिष्ठ शिक्षिका हेमलता वर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन मधुलिका शर्मा ने किया।
विद्यालय परिवार की उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।