नीमच। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जीरन में बुधवार को ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया।
प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित छात्राओं का तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निरूशुल्क पाठ्य-पुस्तकें वितरित की गईं तथा 52 छात्राओं को साइकिलें भी प्रदान की गईं। जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगरिया ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान ने कहा कि आज के बेटे-बेटियां ही कल का भविष्य हैं। शासन की मंशा है कि संसाधनों की कमी के कारण बेटियों की शिक्षा में कोई बाधा न आए। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता, गांव एवं जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चे शिक्षा के माध्यम से ही अपना भविष्य संवार सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों को भी पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ अध्यापन कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम नीमच संजीव साहू, जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगरिया, जिला परियोजना समन्वयक दिलीप कुमार व्यास, सहायक परियोजना समन्वयक नरेश जोशी, बीआरसी योगेश कंडारा, संकुल प्राचार्य मनोज कुंती, मदन गुर्जर, राजू मुकाती, मुकेश तावड़े, किशन अहिरवार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रथुपालसिंह पंवार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्राचार्य भोपालसिंह चौहान ने माना।