नीमच। पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर जिला युवा प्रेस क्लब, नीमच की एकजुटता रंग लाई। पत्रकार के साथ बदसलूकी और धमकी देने के मामले में जहां दो कर्मचारियों की नौकरी चली गई, वहीं पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए जिला युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश मालवीय ने बताया कि पत्रकार संजय यादव 25 मार्च को दशहरा मैदान स्थित श्री गणेश मंदिर में दर्शन के बाद फिरोजशाह पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। यहां कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं को केवल 200 रुपए तक ही पेट्रोल देने की बात कही जा रही थी।
इस पर पत्रकार संजय यादव ने पंप प्रबंधन से इस संबंध में प्रशासनिक आदेश की जानकारी मांगी। बाद में उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी आर.एन. दिवाकर से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट करवाई। अधिकारी ने बताया कि जिला कलेक्टर द्वारा ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है और उपभोक्ता अपनी आवश्यकता अनुसार पेट्रोल भरवा सकते हैं।
घटना के बाद 26 मार्च को पत्रकार संजय यादव को दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर गाली-गलौज और धमकी दी गई। इसके विरोध में पत्रकार साथियों ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और कैंट थाना पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर के निर्देश पर आपूर्ति विभाग ने नोटिस जारी किया, जिसके बाद फिरोजशाह पेट्रोल पंप प्रबंधन ने संबंधित दो कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया। वहीं नीमच कैंट पुलिस ने धमकी देने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि जिला युवा प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की नौकरी छिनवाना नहीं था। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को पुनः काम पर रखने की बात भी रखी।
पत्रकार संजय यादव ने इस पूरे प्रकरण में सहयोग करने वाले जिला युवा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय, पूर्व अध्यक्ष हरीश अहीर सहित सभी पत्रकार साथियों एवं अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।