नीमच। शासकीय प्राथमिक विद्यालय ढोलपुरा में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा प्रथम में 6 नवीन विद्यार्थियों का प्रवेश कराया गया। नवप्रवेशित बच्चों का तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के हस्तकमल (हैंडप्रिंट) बनवाए गए तथा उन्हें स्लेट और पुस्तकें भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस पहल से विद्यालय में खुशियों और उत्साह का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर सरपंच भोपाल सिंह अहीर, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष परशराम अहीर, दीपक प्रजापत, शंभूलाल शर्मा, राहुल अहीर, शालिग्राम भील सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे और अपने बच्चों का प्रवेश शासकीय विद्यालय में कराया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा है तथा 2 विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ है। इससे प्रेरित होकर आने वाले समय में और अधिक प्रवेश होने की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अनिल परमार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्रधानाध्यापक सिद्धूलाल पुरोहित ने व्यक्त किया।