पिपलौदा (रतलाम)। ग्राम सोहनगढ़ स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में पांच दिवसीय महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन संपन्न हुआ।
महायज्ञ के शुभारंभ से पूर्व गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। नासिक ढोल और बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधिवत पूजन के साथ महायज्ञ प्रारंभ हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अंतिम दिन महाआरती का भव्य आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति में सराबोर हो गया।
इस धार्मिक अनुष्ठान में पंडित यज्ञाचार्य शैलेंद्र जी जोशी के सान्निध्य में सभी विधियां संपन्न हुईं। कार्यक्रम के समापन पर प्रसादी वितरण किया गया, जिसमें ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।