देवास। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर देवास-उज्जैन रोड स्थित श्री डबल हनुमान मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और “जय श्री राम” व “जय हनुमान” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर बाबा डबल हनुमान का विशेष और आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। फूलों, वस्त्रों और अलंकरण से सजे हनुमान जी के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर नजर आए।
मंदिर के महंत सर्वेश्वर दास बाबा ने बताया कि यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां देवास शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हनुमान जन्मोत्सव पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया और विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया।
भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की और सेवा भाव से जुड़े लोगों ने तन-मन से सहयोग दिया। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और समर्पण की झलक साफ नजर आई, जिससे माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया।